
बिलासपुर : दपूमरे के बिलासपुर मंडल की ओर से बिना टिकट और अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। रेलवे ने शहडोल स्टेशन और शहडोल-अनूपपुर रेल सेक्शन में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन और सहायक वाणिज्य प्रबंधक डीएस चौहान के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक और टिकट जांच स्टाफ की टीम शामिल रही।
पांच ट्रेनों में हुई सघन जांच, 4 लाख 47 हजार 535 रुपये हुए वसूल
टिकट जांच अभियान के दौरान शहडोल स्टेशन और शहडोल-अनूपपुर सेक्शन से गुजरने वाली पांच ट्रेनों की सघन जांच की गई। इस दौरान बिना टिकट और अनियमित टिकट के कुल 274 मामले सामने आए। रेलवे ने इन यात्रियों से कुल 2 लाख 47 हजार 535 रुपये का जुर्माना वसूला। जांच में बिना टिकट यात्रा करने वाले 269 यात्री पकड़े गए, जिनसे 2 लाख 43 हजार 985 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, अनियमित टिकट के 5 मामलों में 3 हजार 550 रुपये की वसूली की गई।
बिना टिकट यात्रा पर रेलवे सख्त
रेल प्रशासन का कहना है कि यात्रियों को परेशानी से बचाने और रेलवे नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले वैध टिकट जरूर लें। स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट लेने की भी अपील की गई है। इसके साथ ही रेलवे ने यात्रियों से स्टेशन और ट्रेनों में गंदगी नहीं फैलाने तथा धूम्रपान से परहेज करने की अपील की है, ताकि रेलगाड़ी और रेलवे परिसर को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में सभी का सहयोग मिल सके।