नई दिल्ली। सुपरस्टार सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म बैटल ऑफ गलवान को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म है। सलमान के जन्मदिन पर जब फिल्म का टीज़र सामने आया था, तभी इसे ईद 2026 पर रिलीज करने की आधिकारिक घोषणा भी की गई थी। 17 अप्रैल 2026 की तारीख फैंस के लिए तय मानी जा रही थी, लेकिन अब अचानक रिलीज डेट बदलने की अटकलों ने सिनेमा गलियारों में हलचल मचा दी है।
फिल्म के निर्देशक अपूर्व लखिया ने साफ कहा कि उन्हें खुद इस तरह के किसी बदलाव की जानकारी नहीं है। उनका कहना था कि अगर रिलीज डेट में कोई बड़ा फैसला लिया गया होता, तो सबसे पहले उन्हें इसकी खबर होती। इस बयान के बाद यह साफ हो गया कि फिलहाल आधिकारिक तौर पर फिल्म की रिलीज डेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
हालांकि, इंडस्ट्री सूत्रों के मुताबिक फिल्म का पोस्ट-प्रोडक्शन अभी अंतिम चरण में है और रिलीज से पहले इसे रक्षा मंत्रालय को दिखाया जाना बाकी है। माना जा रहा है कि सलमान खान इस फिल्म को लेकर बेहद सतर्क हैं और किसी भी तरह की जल्दबाजी नहीं करना चाहते। यही वजह है कि रिलीज को लेकर अलग-अलग संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है।
इसी बीच यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि बैटल ऑफ गलवान को स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त के आसपास रिलीज किया जा सकता है, ताकि देशभक्ति के जज्बे को और मजबूती मिले। लेकिन उस समय आमिर खान और सनी देओल की लाहौर 1947 जैसी बड़ी फिल्म से टकराव की संभावना को देखते हुए यह विकल्प भी आसान नहीं माना जा रहा।
फिल्म की कहानी साल 2020 में गलवानी घाटी में भारत और चीन की सेनाओं के बीच हुई ऐतिहासिक और हिंसक झड़प पर आधारित है। सलमान खान इसमें भारतीय सेना के जांबाज अधिकारी कर्नल बी. संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं, जिन्हें मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था। यही वजह है कि बैटल ऑफ गलवान सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि देश की सैन्य गाथा और शौर्य का प्रतीक मानी जा रही है। फ़िलहाल, अब सबकी नजरें मेकर्स की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं कि सलमान खान की यह बहुप्रतीक्षित फिल्म तय तारीख पर आएगी या दर्शकों को इसके लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा।
-1770714068864_v.webp)




