बिलासपुर : सड़क पर रोककर मारपीट करना और फिर मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो जाना तीन युवकों को भारी पड़ गया। कोटा पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई सुजुकी एक्सेस स्कूटी भी बरामद कर ली है। पकड़े गए तीनों आरोपी बिलासपुर के मंगला क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

सामान और पटाखे लेने पहुंचे युवक को बनाया निशाना

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम समडील निवासी दुर्गेश साहू 10 नवंबर को घरेलू सामान और पटाखे खरीदने अपनी पल्सर मोटरसाइकिल सीजी 12 बीएल 1353 से गनियारी पहुंचा था। इसी दौरान तीन युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और पैसों की मांग करने लगे। जब युवक ने पैसे देने से इनकार किया तो तीनों उसकी मोटरसाइकिल लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने कोटा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 981/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(4), 119(1) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

रिपोर्ट दर्ज होते ही हरकत में आई पुलिस

लूट की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल आरोपियों की तलाश में जुट गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की पहचान की और तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई करीब 70 हजार रुपये कीमत की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी भी जब्त की गई है।

तीनों आरोपी मंगला के रहने वाले

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सूर्यवंशी (19), नंद कुमार केवट (19) और नीरज सूर्यवंशी (19) के रूप में हुई है। तीनों सिविल लाइन थाना, आजाद चौक मंगला के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा पूर्व में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा चुका है। इस पहलू को भी पुलिस जांच से जोड़कर देख रही है।