
नई दिल्ली : सीबीएसई ने 2026-27 शैक्षणिक सत्र की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को लेकर स्कूलों के लिए अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने परीक्षा 2027 के लिए विषयवार अंक विभाजन का विस्तृत प्रारूप जारी कर दिया है। अब विद्यालयों को थ्योरी, प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और इंटरनल असेसमेंट के अंक निर्धारित मानकों के अनुसार ही देने और पोर्टल पर दर्ज करने होंगे। खास बात यह है कि बोर्ड ने केवल अंकों का बंटवारा ही स्पष्ट नहीं किया, बल्कि प्रायोगिक परीक्षाओं में बाहरी परीक्षकों की नियुक्ति और उत्तरपुस्तिकाओं से जुड़े प्रावधानों की जानकारी भी दी है।
सीबीएसई का यह कदम उन स्कूलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जहां आंतरिक मूल्यांकन और प्रायोगिक परीक्षाओं के अंक ऑनलाइन दर्ज करते समय गलतियां होने की आशंका रहती है। एक छोटी-सी चूक भी विद्यार्थी के अंतिम परिणाम को प्रभावित कर सकती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने प्रत्येक विषय के लिए अधिकतम अंक, मूल्यांकन का तरीका और परीक्षा संबंधी जरूरी विवरण एक ही प्रारूप में स्पष्ट कर दिए हैं।
अब मनमाने तरीके से नहीं दे सकेंगे अंक
बोर्ड की ओर से जारी परिपत्र में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों को संबंधित विषय के निर्धारित अंक विभाजन का पालन करना होगा। यानी जिस विषय में 20 अंक इंटरनल असेसमेंट के लिए निर्धारित हैं, वहां 30 अंक अपलोड करने या जिस विषय में प्रैक्टिकल के अंक तय हैं, उन्हें प्रोजेक्ट के रूप में दर्ज करने की गुंजाइश नहीं होगी। बोर्ड ने स्कूलों को यह भी निर्देश दिया है कि अंक अपलोड करने से पहले विषयवार अधिकतम अंकों की जांच कर लें। मूल्यांकन के दौरान स्कूल प्रबंधन, आंतरिक और बाहरी परीक्षकों को भी विशेष सावधानी बरतनी होगी। इसका उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया में एकरूपता लाने के साथ विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड को त्रुटिरहित बनाना है।
10वीं में इन विषयों का रहेगा 80-20 का फॉर्मूला
कक्षा 10वीं के प्रमुख विषयों हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में 80 अंक की लिखित परीक्षा तथा 20 अंक का आंतरिक मूल्यांकन निर्धारित किया गया है। विद्यार्थियों के लिए इसका मतलब है कि बोर्ड परीक्षा के साथ स्कूल स्तर पर होने वाला मूल्यांकन भी अंतिम परिणाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हालांकि, कुछ विशेष और कौशल आधारित विषयों का पैटर्न अलग रखा गया है। उदाहरण के तौर पर पेंटिंग में 30 अंक थ्योरी, 50 अंक प्रैक्टिकल और 20 अंक इंटरनल असेसमेंट के हैं। होम साइंस में 70 अंक थ्योरी और 30 अंक प्रैक्टिकल के निर्धारित हैं। वहीं कंप्यूटर एप्लीकेशंस में 50 अंक लिखित परीक्षा और 50 अंक प्रैक्टिकल के लिए रखे गए हैं।
12वीं साइंस में प्रैक्टिकल के 30 अंक अहम
कक्षा 12वीं के विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के लिए फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी में 70 अंक की लिखित परीक्षा तथा 30 अंक का प्रैक्टिकल निर्धारित किया गया है। भूगोल और मनोविज्ञान में भी 70-30 का यही विभाजन लागू रहेगा। इन विषयों में प्रायोगिक मूल्यांकन की अहम भूमिका होगी। बोर्ड के प्रारूप के अनुसार संबंधित विषयों में बाहरी परीक्षक की नियुक्ति भी की जाएगी। ऐसे में विद्यार्थियों को केवल लिखित परीक्षा ही नहीं, बल्कि प्रयोगात्मक कार्यों की तैयारी पर भी बराबर ध्यान देना होगा।
आर्ट्स और कॉमर्स में प्रोजेक्ट वर्क का भी होगा बड़ा रोल
कक्षा 12वीं के कला और वाणिज्य संकाय में भी विषयवार अंक विभाजन जारी किया गया है। इतिहास और राजनीति विज्ञान में 80 अंक थ्योरी तथा 20 अंक प्रोजेक्ट के लिए निर्धारित हैं। अर्थशास्त्र में भी 80-20 का पैटर्न रहेगा। वहीं बिजनेस स्टडीज और एकाउंटेंसी में 80 अंक की लिखित परीक्षा तथा 20 अंक प्रोजेक्ट वर्क के लिए रखे गए हैं। दूसरी ओर कंप्यूटर साइंस और इंफॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेज में 70 अंक थ्योरी और 30 अंक प्रैक्टिकल के होंगे। अंग्रेजी कोर और हिंदी कोर जैसे भाषा विषयों में 80 अंक की लिखित परीक्षा तथा 20 अंक इंटरनल असेसमेंट के लिए निर्धारित हैं।
जनवरी से शुरू होंगी नियमित स्कूलों की प्रैक्टिकल परीक्षाएं
बोर्ड ने परीक्षा संबंधी कैलेंडर भी स्पष्ट कर दिया है। नियमित शैक्षणिक सत्र वाले विद्यालयों में कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं, प्रोजेक्ट मूल्यांकन और आंतरिक मूल्यांकन 1 जनवरी 2027 से 13 फरवरी 2027 तक आयोजित किए जाएंगे। वहीं शीतकालीन क्षेत्रों के विद्यालयों के लिए अलग कार्यक्रम जारी किया गया है, जहां प्रायोगिक परीक्षाओं का आयोजन 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 तक किया जाना है। इसके अलावा सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं की वर्ष 2027 की मुख्य बोर्ड परीक्षाओं की समय-सारणी भी जारी कर दी है। ऐसे में विद्यार्थियों और विद्यालयों को अब परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ मूल्यांकन से जुड़ी समय-सीमाओं पर भी ध्यान देना होगा।
प्रोजेक्ट वर्क और प्रायोगिक परीक्षाओं को हल्के में लेना पड़ सकता है भारी
सीबीएसई के इस निर्देश से साफ है कि अब बोर्ड परीक्षा में केवल लिखित पेपर ही नहीं, बल्कि प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और आंतरिक मूल्यांकन के अंक भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। विद्यार्थियों को स्कूल में होने वाली गतिविधियों, प्रोजेक्ट वर्क और प्रायोगिक परीक्षाओं को हल्के में नहीं लेना चाहिए। वहीं स्कूलों की जिम्मेदारी होगी कि प्रत्येक विद्यार्थी के अंक सही विषय और सही श्रेणी में दर्ज किए जाएं, ताकि किसी तकनीकी या मानवीय गलती की कीमत छात्र को न चुकानी पड़े।