
बिलासपुर : स्वतंत्रता दिवस को लेकर बिलासपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है । रेलवे स्टेशन, ट्रेनों, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है । इसी क्रम में गुरुवार रात तोरवा थाना, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सघन चेकिंग की । जांच के दौरान साउथ बिहार एक्सप्रेस में यात्रियों और उनके सामान की तलाशी ली गई । इसी दौरान कुछ यात्रियों के पास से धारदार हथियार बरामद किए गए । पुलिस ने हथियारों को जब्त कर संबंधित लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है ।
देवघर से हथियार लाने की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि बाबा धाम, देवघर से धारदार चाकू और अन्य हथियार लाकर बिलासपुर शहर में आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा रहे हैं । सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी थी । संयुक्त टीम ने स्टेशन पर आने-जाने वाली ट्रेनों के साथ यात्रियों के सामान की भी बारीकी से जांच की । इसी दौरान साउथ बिहार एक्सप्रेस में हथियार बरामद होने से सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और बढ़ गई है ।
स्टेशन और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, ट्रेनों, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की विशेष निगरानी की जा रही है । पुलिस और रेलवे सुरक्षा बलों की टीमें लगातार गश्त और जांच कर रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस तक विशेष जांच अभियान जारी रहेगा । सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी ।