
अंबिकापुर । जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब पुलिस अधिकारियों के परिजन भी सुरक्षित नहीं रहे। शहर के बौरीपारा तालाब के पास 7 सितंबर की रात आईपीएस ऑफिसर के बेटे को आधा दर्जन से ज्यादा युवकों ने घेरकर पीटा। बदमाशों ने हाथ-मुक्के, बेल्ट और कड़े से युवक की बेदम पिटाई की, जिससे उसके सिर, चेहरे और कनपटी में काफी चोटें आई हैं। मारपीट करते हुए आरोपियों ने यह भी कहा कि तेरा बाप आईपीएस ऑफिसर है तो हमारा क्या कर लेगा? पीड़ित की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने 4 नामजद आरोपियों और अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
कैसे शुरू हुआ विवाद....
जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर के नमनाकला खटिकपारा में रहने वाले 24 वर्षीय लेखांश कांत कुर्रे अपनी सिक्योरिटी एजेंसी का संचालन करते हैं। उनके पिता रवि कुर्रे आईपीएस अधिकारी हैं, जो पूर्व में कोरिया जिले में एसपी थे और वर्तमान में रायपुर में पदस्थ हैं। लेखांश ने पुलिस को बताया कि 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे वह अपने दोस्तों विशाल सोनी और रोमी खान के साथ कार में सवार थे। वे सभी अपने साथी दोस्त प्रिंस गुप्ता के बौरीपारा स्थित घर जा रहे थे।
फोन पर नाम लेना पड़ा भारी
प्रिंस के घर से थोड़ी दूर पहले, बौरीपारा तालाब के पास लेखांश ने अपनी कार रोकी। कार से उतरने के बाद वह प्रिंस से मोबाइल पर बातचीत करने लगा। इसी बातचीत के बीच लेखांश ने आरोपी गोलू गणेश का नाम ले लिया। उस वक्त वहां बौरीपारा के रहने वाले गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता और उनके अन्य साथी पहले से मौजूद थे।
गोलू गणेश नहीं, बाप बोल
मोबाइल पर गोलू का नाम सुनते ही पास खड़े रतन गुप्ता और कोया डॉन भड़क गए। उन्होंने लेखांश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोपियों ने चिल्लाते हुए कहा कि गोलू गणेश नहीं, बाप बोल। इसके ठीक बाद गोलू गणेश ने आगे बढ़कर लेखांश का हाथ पकड़ लिया। फिर रतन गुप्ता, कोया डॉन और आशुतोष ने मिलकर हाथ-मुक्के, बेल्ट और हाथ में पहने कड़े से उसकी बेदम पिटाई कर दी।
गला दबाकर मारने की कोशिश
हमले के बीच कोया डॉन ने लेखांश का गला दबाने की भी कोशिश की। हमलावर लगातार कहते रहे कि तेरा बाप पुलिस ऑफिसर है तो हमारा क्या कर लेगा? अचानक हुए इस हमले में लेखांश के सिर, चेहरे और कनपटी में चोटें आई हैं। मारपीट होते देख कार में बैठे दोस्तों ने किसी तरह उसे हमलावरों से बचाया।
अब इस पूरे घटनाक्रम में कोतवाली पुलिस ने गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन और आशुतोष गुप्ता समेत अन्य पर बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2) व 3 (5) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।