बिलासपुर : पंजाब के अमृतसर से चिट्टा (हेरोइन) लेकर बिलासपुर पहुंचे एक युवक की नशे की खेप खपाने की कोशिश उस वक्त नाकाम हो गई, जब एसीसीयू और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे उसलापुर बाजार के पास दबोच लिया। आरोपी स्थानीय ग्राहकों की तलाश में था। तलाशी के दौरान उसके पास से 11.73 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने 10 हजार 500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी दीपक वालिया के रूप में हुई है, जो वर्तमान में उसलापुर के वास्तु शिखर अपार्टमेंट में रह रहा था।

मुखबिर की सूचना पर की घेराबंदी

त्योहारी सीजन को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने, संदिग्धों पर नजर रखने और लगातार जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। एसीसीयू की टीम को सूचना मिली कि उसलापुर बाजार के आसपास एक व्यक्ति हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह को अवगत कराया गया। उनके मार्गदर्शन में सकरी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई की। नारकोटिक्स एक्ट के अनिवार्य प्रावधानों का पालन करते हुए वैज्ञानिक अधिकारी की मौजूदगी में की गई कार्रवाई के दौरान संदिग्ध को पकड़ लिया गया।

पंजाब से खरीदकर लाया था नशे की खेप

पुलिस के अनुसार पूछताछ में दीपक वालिया ने अमृतसर से हेरोइन खरीदकर बिलासपुर लाने की बात स्वीकार की है। वह यहां नशे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने की तैयारी में था। इसके लिए स्थानीय ग्राहकों की तलाश कर रहा था। आरोपी ने पूछताछ में पंजाब में मादक पदार्थो की तस्करी में संलिप्त लोगों के संपर्क में आने की बात भी बताई है। पुलिस अब इस पहलू की जांच कर रही है कि आरोपी को हेरोइन उपलब्ध कराने वाले लोग कौन हैं और इस कारोबार में उसके साथ अन्य लोग भी जुड़े हैं या नहीं।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन और 10 हजार 5 सौ रुपये नकद जब्त किए हैं। दीपक वालिया पिता कमलजीत सिंह वालिया मूल रूप से सुभाष कॉलोनी, थाना बी-डिवीजन, अमृतसर का निवासी है। उसके खिलाफ सकरी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 22(बी) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक (क्राइम) सुदीप सरकार, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह, पीएसआई अर्चना साहू, टिकराम निषाद, एसीसीयू के उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे तथा आरक्षक अभिजीत डाहिरे, धीरेंद्र सिंह तोमर, विकास राम, महादेव कुजूर और समर बहादुर सहित सकरी थाने की टीम शामिल रही।