छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में सत्ता की हनक का मामला सामने आया है। यहां मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के पीए ओम प्रकाश राजवाड़े ने एक टोल कर्मचारी की सरेआम पिटाई कर दी। घटना लहपटरा टोल प्लाजा की है। 2 सितंबर की रात जब मंत्री का काफिला यहां से गुजर रहा था, तब पहली गाड़ी तो आसानी से निकल गई, लेकिन दूसरी गाड़ी के ऊपर टोल का बूम गिर गया। इसी बात पर तमतमाए पीए ने गाड़ी से उतरकर टोलकर्मी को 5 थप्पड़ जड़ दिए। मारपीट की यह करतूत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

घटनाक्रम: रात साढ़े 12 बजे का विवाद

  •  बुधवार (2 सितंबर) की रात करीब साढ़े 12 बजे महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े बिलासपुर से अंबिकापुर लौट रही थीं। उनके काफिले में दो गाड़ियां थीं।
  •   सबसे आगे चल रही इनोवा ने लहपटरा टोल पार किया, जिसके ठीक पीछे मंत्री की फॉर्च्यूनर थी।
  •   अचानक बैरियर का बूम फॉर्च्यूनर के ऊपर आ गिरा।
  •   गाड़ियों के रुकते ही मंत्री के पीए ओम प्रकाश राजवाड़े सुरक्षाकर्मियों के साथ बाहर निकले और सीधे नाके पर जाकर टोल कर्मी महेंद्र राजवाड़े से गाली-गलौज शुरू कर दी।