रांची। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर शुरू हुआ छात्रों का आंदोलन अब सड़क से विधानसभा की चौखट तक पहुंच गया है। JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के खिलाफ आज बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा घेराव के लिए सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड्स के सामने जमकर नारेबाजी की। कुछ जगहों पर छात्रों ने बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी।

सुबह से विधानसभा की ओर बढ़ते रहे छात्र
विधानसभा घेराव के लिए छात्र देर रात से ही जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जुटना शुरू हो गए थे। सुबह होते-होते प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ती गई और छात्र समूहों में विधानसभा की ओर बढ़ने लगे। छात्रों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं को लेकर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।

बैरिकेडिंग के सामने नारेबाजी, आगे बढ़ने की कोशिश 
विधानसभा के आसपास पुलिस ने कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की है। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स के सामने पहुंचकर नारेबाजी की और कुछ स्थानों पर उन्हें हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल को पूरी तरह अलर्ट रखा गया है। प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शनकारी प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश न कर पाएं और विधानसभा परिसर की सुरक्षा प्रभावित न हो।