बिलासपुर : भारतीय रेल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में ऐसा इतिहास रच दिया है, जिसने यह साबित कर दिया कि रेलवे केवल यात्रियों और माल ढुलाई का माध्यम ही नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर किसी की जिंदगी बचाने का सबसे भरोसेमंद साथी भी बन सकता है ।

देश में पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस के जरिए एक जीवित हृदय का सफलतापूर्वक परिवहन किया गया । यह ऐतिहासिक मिशन सूरत से अहमदाबाद के बीच संचालित 20901 मुंबई सेंट्रलगांधीनगर कैपिटल वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से पूरा किया गया ।

समय के साथ चल रही इस दौड़ में हर मिनट की अहमियत थी । डॉक्टरों की टीम, रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल और गुजरात पुलिस के बीच अभूतपूर्व समन्वय ने इस मिशन को सफलता दिलाई हैं । अहमदाबाद पहुंचने के बाद जीवित हृदय को तत्काल यू एन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर ले जाया गया, जहां इसका प्रत्यारोपण किया जाएगा ।

हर सेकंड था अनमोल, ग्रीन कॉरिडोर बना जीवन की राह

हृदय को सुरक्षित और तय समय में अस्पताल पहुंचाने के लिए अहमदाबाद रेलवे स्टेशन से अस्पताल तक विशेष ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया गया । प्लेटफॉर्म नंबर1 से निकलते ही आरपीएफ और गुजरात पुलिस की टीमों ने पूरे मार्ग को खाली कराया, जिससे एंबुलेंस बिना किसी रुकावट के सीधे अस्पताल पहुंच सकी ।

अंग प्रत्यारोपण जैसी प्रक्रिया में समय सबसे बड़ा कारक होता है । यदि कुछ मिनटों की भी देरी हो जाए तो पूरा प्रत्यारोपण प्रभावित हो सकता है । ऐसे में रेलवे और पुलिस का यह समन्वय किसी जीवनरक्षक अभियान से कम नहीं था ।

वंदे भारत की गति बनी जीवन बचाने का आधार

देश की सबसे आधुनिक ट्रेनों में शामिल वंदे भारत एक्सप्रेस ने इस मिशन में अपनी तेज गति, समयपालन और विश्वसनीयता का शानदार परिचय दिया । जिस तेजी और सटीक समय पर ट्रेन ने हृदय को अहमदाबाद पहुंचाया, उसने यह सिद्ध कर दिया कि भविष्य में भी गंभीर चिकित्सा आपात स्थितियों में रेलवे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है ।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस उपलब्धि से अंग प्रत्यारोपण व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी । अब लंबी दूरी तक जीवनरक्षक अंगों के सुरक्षित परिवहन के लिए रेलवे भी एक प्रभावी विकल्प बनकर उभरा है ।

जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवता ही हैं सर्वोच्च सेवा

मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद वेद प्रकाश ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कहा कि भारतीय रेल के लिए यह गर्व का विषय है कि वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से एक जीवित हृदय को सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया गया । उन्होंने कहा कि ऐसे मिशन में हर क्षण महत्वपूर्ण होता है और भारतीय रेल, आरपीएफ, गुजरात पुलिस तथा चिकित्सा टीमों के उत्कृष्ट समन्वय ने इसे संभव बनाया । किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में योगदान देना भारतीय रेल के लिए केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवता की सर्वोच्च सेवा है ।

देश के लिए नई उम्मीद

इस मिशन में भारतीय रेल के विभिन्न विभागों, रेलवे सुरक्षा बल, गुजरात राज्य पुलिस, डॉक्टरों, अंग प्रत्यारोपण समन्वयकों तथा अस्पताल प्रशासन ने मिलकर कार्य किया । सभी एजेंसियों के बीच त्वरित संवाद और सटीक योजना के कारण यह चुनौतीपूर्ण अभियान सफलतापूर्वक पूरा हुआ ।

रेलवे ने बदल दी सेवा की परिभाषा

यह उपलब्धि केवल एक सफल परिवहन अभियान नहीं, बल्कि भारतीय रेल की बदलती भूमिका का प्रतीक भी है । आधुनिक तकनीक, तेज गति और उत्कृष्ट समन्वय के बल पर भारतीय रेल अब स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान देने लगी है । यह मिशन आने वाले समय में देशभर में अंग प्रत्यारोपण से जुड़े ऐसे अनेक जीवनरक्षक अभियानों के लिए प्रेरणा बनेगा ।

मानवता की जीत

सूरत से अहमदाबाद तक दौड़ती वंदे भारत एक्सप्रेस इस बार केवल यात्रियों को नहीं, बल्कि एक धड़कते दिल और किसी की नई जिंदगी की उम्मीद को अपने साथ लेकर चली । भारतीय रेल का यह ऐतिहासिक कदम आने वाले वर्षों तक मानवता, सेवा और समर्पण के प्रतीक के रूप में याद किया जाएगा ।