.png)
अंबिकापुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में IPS अधिकारी के बेटे के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोतवाली थाने से मुख्य मार्ग होते हुए कोर्ट तक पैदल ले जाकर जुलूस निकाला। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले में शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
नाम लेकर बुलाने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक घटना 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे की है। IPS अधिकारी रवि कुर्रे के बेटे लेखांश कुर्रे अपने दोस्तों विशाल सोनी और रोमी खान के साथ बौरीपारा तालाब के पास रिंग रोड पर रुके थे। बताया गया कि वे अपने दोस्त प्रिंस गुप्ता के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया। शिकायत के अनुसार, बातचीत के दौरान लेखांश ने गोलू गणेश का नाम लेकर उसे संबोधित किया। आरोप है कि इसी बात पर गोलू ने आपत्ति जताई और विवाद बढ़ गया। इसके बाद कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई।
‘पिता पुलिस अधिकारी है तो क्या कर लेगा’ कहने का आरोप
शिकायत में लेखांश ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने उसके पिता के पुलिस अधिकारी होने का जिक्र करते हुए उसे धमकाया। आरोप है कि इसी दौरान यह भी कहा गया कि पिता पुलिस में होने से उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। मारपीट में लेखांश के कान, कंधे, सिर और गले में चोट लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद उसने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(1), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया।
दो गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में गोलू गणेश और आशुतोष गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल बताए जा रहे अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हथकड़ी लगाकर कोतवाली थाने से शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए न्यायालय तक ले जाया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देना भी माना जा रहा है।
गोलू गणेश पर पहले से भी मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपी गोलू गणेश का नाम इससे पहले सौरभ मिश्रा के घर के सामने वाहनों में तोड़फोड़ और घर में घुसकर मारपीट से जुड़े मामले में भी सामने आया था। उस मामले में वह फरार बताया जा रहा था। अब IPS के बेटे से मारपीट के मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों मामलों में उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है। फिलहाल, पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।