
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ की माटी में रची-बसी लोक परंपराओं की बात हो और रावत नाच का जिक्र न हो, ऐसा संभव नहीं है। यह महज एक नृत्य नहीं, बल्कि यदुवंशियों की सदियों पुरानी विरासत, शौर्य, उल्लास और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत उत्सव है। दीपावली के बाद गांवों से लेकर शहरों तक गूंजने वाली रावत नाच की थाप अब एक बार फिर न्यायधानी बिलासपुर में लोकसंस्कृति का रंग जमाने जा रही है। शहर में 49वें रावत नाच महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार आयोजन को पहले से अधिक भव्य और यादगार बनाने की तैयारी है।
28 नवंबर को सजेगा लोकसंस्कृति का दरबार
बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में 28 नवंबर को शाम 4 बजे से रावत नाच महोत्सव का आगाज होगा। आयोजन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ पड़ोसी राज्यों से भी यदुवंशी कलाकारों के पहुंचने की संभावना है। पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक श्रृंगार, सुआ-दऊरा और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की संगत के बीच जब रावत दल अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, तो पूरा मैदान लोकसंस्कृति के रंग में रंग उठेगा।
48 साल की परंपरा
बिलासपुर में रावत नाच महोत्सव की शुरुआत से लेकर अब तक 48 वर्षों का सफर पूरा हो चुका है। इस लंबे सफर में आयोजन ने केवल अपनी पहचान ही नहीं बनाई, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण काम भी किया है। हर साल हजारों दर्शकों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि आधुनिकता के दौर में भी लोकपरंपराओं के प्रति लोगों का आकर्षण कम नहीं हुआ है।
हर रावत दल को मिलेंगे 2-2 हजार रुपये
इस बार महोत्सव की तैयारियों के बीच यादव समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु यादव ने एक महत्वपूर्ण घोषणा कर कलाकारों का उत्साह बढ़ा दिया है। उन्होंने महोत्सव में शामिल होने वाले प्रत्येक रावत दल को 2,000 रुपये नकद प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया है। आयोजन समिति ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे लोककलाकारों के सम्मान और पारंपरिक कला को प्रोत्साहित करने की दिशा में सराहनीय कदम बताया है। समिति का मानना है कि इससे दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले कलाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा और अधिक से अधिक दल आयोजन में भागीदारी के लिए आगे आएंगे।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर शील्ड और नकद पुरस्कार
महोत्सव में केवल नृत्य की प्रस्तुति ही नहीं, बल्कि पारंपरिक कला की उत्कृष्टता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। विभिन्न रावत दलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के लिए विशेष निर्णायक मंडल गठित किया जाएगा। बेहतर तालमेल, पारंपरिक शैली, वेशभूषा और नृत्य कौशल के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों का चयन किया जाएगा। विजेता दलों को आकर्षक शील्ड और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में बनी आयोजन की रणनीति
महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के संयोजक डॉ कालीचरण यादव ने की। इसमें आयोजन की रूपरेखा, कलाकारों की भागीदारी, व्यवस्थाओं और कार्यक्रम को सफल बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ कालीचरण यादव ने कहा कि रावत नाच महोत्सव बिलासपुर की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। इसे निरंतर आगे बढ़ाना केवल आयोजन समिति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि अपनी परंपराओं को जीवित रखने का सामूहिक प्रयास है।
बैठक में धन्नू यादव, विष्णु यादव, विजय यादव, रामफल यादव, टीकाराम यादव, दुर्गेश यदु, कन्हैया, चंद्रिका यादव, भारत यादव, तेरस यादव, संतोष, प्रकाश यादव, अभिमन्यु, जागेश्वर, सुरेश, दुर्गा, मुरीत राम, गणेश राम, विशंभर, प्रेमलाल यादव, रामचरण, निलेश यादव, संदीप और सतीश यादव सहित आयोजन समिति के अनेक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने महोत्सव को भव्य, व्यवस्थित और यादगार बनाने का संकल्प लिया।