बिलासपुर : आस्था जब अपने चरम पर होती है तो भोर की पहली किरण भी किसी उत्सव से कम नहीं लगती। अरपा तट पर सोमवार की सुबह कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। आसमान में सूरज की पहली लालिमा फैलते ही हजारों हाथ एक साथ अर्घ्य देने के लिए उठे और पूरा छठघाट ‘छठी मैया’ के जयकारों से गूंज उठा। सिर पर पूजा की टोकरी, दउरे में फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद लिए व्रतियों ने नदी के शीतल जल में खड़े होकर सूर्य देव की आराधना की। कच्चे दूध और गंगाजल से अर्घ्य देकर परिवार, समाज और देश की सुख-शांति, आरोग्य एवं समृद्धि की कामना की। इसी के साथ 36 घंटे की कठिन निर्जला तपस्या पूरी हुई और चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया।

देश के सबसे बड़े स्थायी छठघाट के रूप में पहचान रखने वाले अरपा तट पर तड़के से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। घाट पर स्नान-ध्यान के बाद व्रतियों ने अपनी-अपनी वेदियों पर दीप प्रज्ज्वलित किए और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। जैसे ही क्षितिज पर सूर्य की पहली किरण दिखाई दी, नदी में खड़े व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। घाट पर गूंजते पारंपरिक छठ गीत, जलते दीपों की कतारें और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। परिवार के सदस्य भी पूजा में शामिल हुए और सूर्य देव से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। डिप्टी सीएम अरुण साव ने भी सूर्य को जल अर्पित किया। कलेक्टर और एसएसपी भी परिवार के साथ छठघाट पहुंचे।

मन्नत पूरी हुई तो आधी रात से ही घाट पर जुटने लगे व्रती

छठ महापर्व केवल पूजा नहीं, बल्कि आस्था, संकल्प और मनोकामना का भी पर्व है। मन्नत पूरी होने के बाद विशेष पूजा करने की परंपरा के तहत कई व्रती रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब दो बजे ही परिवार के साथ घाट पहुंच गए थे। उन्होंने अपनी वेदी पर विधि-विधान से पूजा की और मन्नत के अनुसार कोसी भरने सहित अन्य धार्मिक परंपराएं निभाईं। इसके बाद सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया। 36 घंटे तक बिना अन्न और जल के तपस्या करने के बाद व्रतियों ने छठी मैया को प्रणाम किया और प्रसाद ग्रहण किया। घर लौटने पर परिवार, रिश्तेदारों और पड़ोसियों के बीच ठेकुआ सहित पूजा का प्रसाद बांटा गया।

18 एकड़ में पार्किंग, 300 लोग संभालते रहे व्यवस्था

मुख्य छठघाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पाटलीपुत्र संस्कृति विकास मंच ने व्यापक इंतजाम किए थे। करीब 18 एकड़ क्षेत्र में नौ पार्किंग स्थल बनाए गए थे। तखतपुर, मुंगेली, कोटा और पेंड्रा सहित आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त वाहनों की व्यवस्था की गई। गौरेला-पेंड्रा से पहुंचे व्रतियों के ठहरने और भोजन का इंतजाम भी किया गया था। सोमवार सुबह अर्घ्य के लिए समिति की ओर से दूध उपलब्ध कराया गया। घाट पर महिलाओं और पुरुषों के लिए कपड़े बदलने की अलग व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया। घाट की सफाई, रोशनी और दूसरी व्यवस्थाओं पर लाखों रुपये खर्च किए गए। व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 150 स्वयंसेवक और 150 पुलिस जवान तैनात रहे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की टीम, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और प्रशिक्षित तैराकों को भी मुस्तैद रखा गया था।

घाट पर मेले जैसा माहौल, बच्चों ने झूलों का लिया आनंद

छठ पूजा के दौरान घाटों पर भक्ति के साथ मेले जैसा माहौल भी नजर आया। पूजा देखने पहुंचे बच्चों ने खिलौनों की दुकानों, फास्ट फूड स्टॉल और झूलों का आनंद लिया। पुलों पर खड़े होकर लोग रोशनी से जगमगाते घाट, पूजा के मनोरम दृश्य और श्रद्धालुओं की भीड़ को मोबाइल कैमरों में कैद करते रहे। हालांकि, व्रतियों के लौटने के दौरान पुल के पास एक वाहन खराब होने से यातायात बाधित हो गया। इसके चलते करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

नहाय-खाय से शुरू हुआ था चार दिवसीय अनुष्ठान

छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी। पहले दिन व्रतियों ने लौकी-भात का सात्विक भोजन ग्रहण किया। इसी दिन छठघाट पर अरपा मैया की महाआरती भी की गई। दूसरे दिन शनिवार को मिट्टी के चूल्हे पर खरना का प्रसाद तैयार किया गया। छठी मैया को भोग लगाने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया और 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू किया। तीसरे दिन रविवार शाम को व्रतियों ने घाटों पर सामूहिक पूजा-अर्चना कर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके बाद सोमवार सुबह उगते सूर्य की उपासना के साथ महापर्व का समापन हुआ। अर्घ्य के बाद व्रतियों ने पारण कर 36 घंटे की कठिन तपस्या पूरी की। अरपा तट पर सोमवार की सुबह सिर्फ सूर्य को अर्घ्य देने का दृश्य नहीं था, बल्कि यह आस्था, अनुशासन, लोकपरंपरा और सामाजिक एकजुटता का ऐसा संगम था, जिसने एक बार फिर बिलासपुर को छठमय कर दिया।