अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में आज सुबह एक बड़ा विमान हादसा उस समय टल गया, जब धनीपुर एयरपोर्ट से प्रशिक्षण उड़ान पर निकले एक एयरक्राफ्ट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद पायलटों ने विमान में आई गड़बड़ी को महसूस किया और तत्काल इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया। जलाली क्षेत्र के पास विमान को सुरक्षित उतार लिया गया, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि विमान में मौजूद दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, यह विमान पायनियर एविएशन कंपनी का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट था, जो नियमित अभ्यास उड़ान पर था। उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या आने के बाद पायलटों ने घबराने के बजाय बेहद सतर्कता और पेशेवर तरीके से स्थिति को संभाला। जैसे ही विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की खबर फैली, आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। सिटी मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शुरुआती जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में तकनीकी खराबी को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। विमान को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है, जबकि विशेषज्ञों की टीम अब एयरक्राफ्ट की तकनीकी जांच कर रही है ताकि खराबी के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।