
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक व्यक्ति को कथित तौर पर गोमांस काटते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कोटा थाना क्षेत्र के बेलगहना चौकी अंतर्गत ग्राम करहीकछार में हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर से करीब 7 किलो मांस बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हलचल मच गई।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर दबिश दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि आरोपी सुरेश कुमार सोनवानी अपने आंगन में लोहे के औजार से मांस काट रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह मांस को सुखाकर लंबे समय तक उपयोग के लिए रखता है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से कटे हुए मांस के साथ-साथ उसे काटने में इस्तेमाल किए गए औजार को भी जब्त किया। आरोपी को हिरासत में लेकर चौकी लाया गया, जहां उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे जांच की जा रही है और बरामद मांस की पुष्टि के लिए परीक्षण भी कराया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और संवेदनशील मामलों पर सख्ती की जरूरत को उजागर किया है।