
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता जहांगीर खान की पत्नी सरीना बीबी को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर पुलिस स्टेशन के बाहर हुई हिंसा, पत्थरबाजी और पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने के गंभीर आरोप हैं। पुलिस इस मामले को कानून-व्यवस्था से जुड़ी बड़ी चुनौती के रूप में देख रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सरीना बीबी गिरफ्तारी से बचने के लिए एक वाहन बुक कर इलाके से निकलने की तैयारी में थीं। हालांकि, तकनीकी निगरानी और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने दक्षिण 24 परगना क्षेत्र में उन्हें हिरासत में ले लिया है। बाद में औपचारिक गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की गई है।
जांच एजेंसियों का आरोप है कि सरीना बीबी ने अपने पति जहांगीर खान को पुलिस हिरासत से छुड़ाने के लिए भीड़ को संगठित करने में अहम भूमिका निभाई थी। पुलिस के अनुसार, उनके उकसावे के बाद बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जमा हुए, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।
अधिकारियों का कहना है कि सरीना बीबी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, कानून-व्यवस्था भंग करने और हिंसक गतिविधियों में कथित संलिप्तता सहित कई गंभीर एवं गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के साथ इस प्रकरण में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन बड़ी संख्या में समर्थक पुलिस स्टेशन के बाहर एकत्र हो गए थे। आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पत्थरबाजी की और हिरासत में लिए गए जहांगीर खान को छुड़ाने का प्रयास किया। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस और केंद्रीय बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा। कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए लाठीचार्ज भी किया गया। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
पुलिस का दावा है कि घटना से जुड़े CCTV फुटेज में भगदड़ और हिंसा के दृश्य स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, हड़बड़ी में भागने के दौरान कुछ लोग पास के तालाब में भी गिर गए थे। घटना के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था। तब से सरीना बीबी की तलाश की जा रही थी और वे कथित तौर पर फरार थीं। फिलहाल, सरीना बीबी से पुलिस हिरासत में पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियों का कहना है कि हिंसा में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच भी जारी है।