रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं के लिए अगस्त का महीना महंगा साबित होने वाला है। जुलाई 2026 से लागू हुए नए बिजली टैरिफ का असर अब अगस्त में आने वाले बिजली बिलों में दिखाई देगा। नए टैरिफ के तहत घरेलू, व्यावसायिक, कृषि और औद्योगिक सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी की याचिका पर राज्य विद्युत नियामक आयोग ने नई दरों को मंजूरी दी है। इसके बाद जुलाई से संशोधित टैरिफ प्रभावी हो गया है और अब उसी आधार पर बिल तैयार किए जा रहे हैं।

घरेलू उपभोक्ताओं को देना होगा ज्यादा बिल
नई दरों के अनुसार घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को अब प्रति यूनिट 30 से 50 पैसे तक अधिक भुगतान करना होगा। इसी तरह गैर-घरेलू श्रेणी में भी बिजली महंगी हुई है।

नई दरें इस प्रकार हैं

  • 100 यूनिट तक: 6.30 से बढ़कर 6.50 प्रति यूनिट
  • 101 से 400 यूनिट: 7.30 से बढ़कर 7.60 प्रति यूनिट
  • 400 यूनिट से अधिक: 8.70 से बढ़कर 9.10 प्रति यूनिट

कृषि उपभोक्ताओं पर भी बढ़ा भार
कृषि क्षेत्र के लिए भी बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई है।

  • सामान्य कृषि उपभोक्ताओं के लिए दर 5.80 से बढ़कर 6.20 प्रति यूनिट कर दी गई है।
  • 25 HP तक कृषि कनेक्शन की दर 6.10 प्रति यूनिट कर दी गई है।
  • 25 से 150 HP तक के कनेक्शन के लिए दर 6.35 से बढ़ाकर 6.65 प्रति यूनिट कर दी गई है।

उद्योगों और कारोबारियों को भी झटका
नई टैरिफ दरों का असर औद्योगिक और व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर भी पड़ेगा।

निम्नदाब (LT) उद्योग

  • 25 HP तक: 5.05 से बढ़कर 5.35 प्रति यूनिट
  • 25 HP से अधिक: 6.80 से बढ़कर 7.10 प्रति यूनिट

उच्चदाब (HT) उद्योग

  • 220 KV: 6.95 से बढ़कर 7.25 प्रति यूनिट
  • 132 KV: 7.10 से बढ़कर 7.40 प्रति यूनिट
  • 33 KV: 7.50 से बढ़कर 7.80 प्रति यूनिट

इसके अलावा रेलवे और सरगुजा-बस्तर विकास प्राधिकरण क्षेत्र के उद्योगों के लिए भी बिजली दरों में वृद्धि की गई है।

अगस्त के बिल में दिखेगा सीधा असर
चूंकि नई दरें जुलाई 2026 से प्रभावी हैं, इसलिए अगस्त में उपभोक्ताओं को मिलने वाले बिजली बिल इन्हीं संशोधित दरों के आधार पर जारी किए जाएंगे।इसका असर घरेलू उपभोक्ताओं से लेकर किसानों, व्यापारियों और उद्योगों तक सभी वर्गों पर पड़ेगा।