
रायपुर/बिलासपुर। फर्जी न्यूज प्रकाशित कर लोगों को ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार हुए होटल कारोबारी दीपक टंडन से जब्त हुए दो मोबाइल फोन बड़े राज से पर्दा उठा सकते है बिलासपुर पुलिस इन दोनों मोबाइल की गहन जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि इन फोन में कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच चल रही है। ये ऑडियो और वीडियो कुछ अधिकारी और रसूखदार लोगों के होने की बात सामने आई है।
बता दें कि दीपक टंडन को 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में राष्ट्रीय जगत पहल के MD मनी शंकर पांडेय की शिकायत पर मामला दर्ज है। शिकायतकर्ता में आरोप है कि उनकी तस्वीरों को AI से एडिट कर आपत्तिजनक और भ्रामक खबरें न्यूज पोर्टल तथा सोशल मीडिया पर पोस्ट की गईं।
मोबाइल में क्या-क्या मिला?
पुलिस ने दोनों मोबाइल फोन को जब्त कर फॉरेंसिक लैब भेजने की तैयारी कर ली है। प्रारंभिक जांच में इन फोन से पोर्टल से जुड़े कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। पुलिस का मानना है कि इन डिजिटल सबूतों से दीपक टंडन द्वारा AI की मदद से तस्वीरों में छेड़छाड़ करने और ब्लैकमेल करने के आरोपों की पुष्टि हो सकती है।
जांच अधिकारी बताते हैं कि मोबाइल में संग्रहित सामग्री की डिटेल जांच की जा रही है। इसमें यह भी पता लगाया जा रहा है कि दीपक किन-किन लोगों की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर फर्जी खबरें बनाता था और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश करता था।
अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी
दीपक टंडन के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के आरोपों की जांच के साथ ही अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका भी जांच रही है। दोनों मोबाइल से मिले सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
गौरतलब है कि दीपक टंडन पहले DSP कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद में भी चर्चा में आ चुका हैं। उसने DSP पर लव ट्रैप में फंसाकर करोड़ों रुपये ऐंठने का आरोप लगाया था, जबकि DSP ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि टंडन ने फर्जी चैट्स तैयार किए हैं। अभी जांच जारी है और पुलिस दोनों मोबाइल से मिले डिजिटल सबूतों को अहम मान रही है। वही बिलासपुर पुलिस की इस कार्यवाही की पूरे छत्तीसगढ़ में प्रशंसा हो रही है
सोशल मीडिया पर पर बिलासपुर पुलिस को लेकर दीपक टंडन से प्रताड़ित पक्ष कार्यवाही की सराहना कर रहे हैं।