3.png)
धमतरी। छत्तीसगढ़ में कथित घोटालों से जुड़ी जांच के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। आज सुबह ED की टीम ने धमतरी में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के सिहावा रोड स्थित आवास पर दबिश दी। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से इलाके में हलचल बढ़ गई। जानकारी के अनुसार, ED की टीम करीब सुबह 7 बजे दो अलग-अलग वाहनों से रामगोपाल अग्रवाल के घर पहुंची। टीम में अधिकारियों के साथ सुरक्षा बल के जवान भी मौजूद बताए जा रहे हैं। करीब आठ सदस्यीय टीम ने घर में प्रवेश करने के बाद जांच शुरू की।
घर के बाहर सुरक्षा का घेरा
कार्रवाई के दौरान रामगोपाल अग्रवाल के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। जांच के दौरान बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक रखी गई है। ED अधिकारी घर के भीतर दस्तावेजों, रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजात की जांच कर रहे हैं।
किन मामलों से जुड़ रही कार्रवाई?
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ED की यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ में सामने आए कथित शराब घोटाला, कोल घोटाला और कस्टम मिलिंग से जुड़े मामलों की जांच के सिलसिले में बताई जा रही है। हालांकि, छापे के दौरान किन दस्तावेजों या रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और अधिकारियों को क्या अहम जानकारी मिली है, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
गौरतलब है कि रामगोपाल अग्रवाल का नाम इससे पहले भी छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले से जुड़ी जांच में सामने आ चुका है। ऐसे में धमतरी स्थित उनके आवास पर ED की ताजा कार्रवाई को जांच की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। फिलहाल, ED की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अधिकारियों को तलाशी के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। मामले में ED की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।