नई दिल्ली। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में कथित तौर पर कॉकपिट के अंदर हुई हिंसक घटना ने विमान सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, उड़ान के दौरान एक को-पायलट ने भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मच्छड़ पर हमला कर दिया था। घटना के बाद विमान को स्थिति संभालने के लिए सऊदी अरब में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि विमान में उस समय करीब 174 यात्री सवार थे। घटना के सामने आने के बाद इससे जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें विमान के भीतर पैदा हुई अफरातफरी और घायल कैप्टन की स्थिति दिखाई दे रही है।

खून से लथपथ दिखे कैप्टन, हाथ में गंभीर चोट
वायरल वीडियो में कैप्टन स्मित मच्छड़ कॉकपिट के बाहर घायल अवस्था में नजर आते हैं। उनके शरीर और कपड़ों पर खून दिखाई दे रहा है। वीडियो में कैप्टन को यह बताते हुए सुना जा सकता है कि उन पर कई बार हमला किया गया। उन्होंने अपने हाथ में चोट लगने की भी जानकारी दी। वीडियो में वह घायल हाथ को हिलाने की कोशिश करते नजर आते हैं, लेकिन उसे पूरी तरह बंद करने में परेशानी होने की बात कहते हैं।

हमले के बावजूद कॉकपिट तक पहुंचे कैप्टन
रिपोर्टों के मुताबिक, घायल होने के बावजूद कैप्टन ने विमान की सुरक्षा व्यवस्था को संभालने में भूमिका निभाई। इसी दौरान कॉकपिट का दरवाजा खोला गया और क्रू व यात्रियों ने स्थिति को नियंत्रित करने में मदद की। घटना के दौरान विमान में मौजूद यात्रियों के बीच घबराहट फैल गई। कुछ यात्री मदद के लिए आवाज लगाते और स्थिति को समझने की कोशिश करते दिखाई दिए।