
नई दिल्ली : जंतर-मंतर पर पहुंचकर प्रदर्शन करने की कोशिश कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सदस्यों के लिए मुश्किल खड़ी कर गई। पार्टी के सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। दोनों को अलग-अलग जेलों में रखा गया है। अब उनकी जमानत के लिए पटियाला हाउस कोर्ट में अर्जी दाखिल की जा रही है। वहीं, इस मामले में पार्टी के कुल 14 सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। दिल्ली पुलिस ने आरोप लगाया है कि सदस्यों ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी करने से रोका और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में बाधा पहुंचाई।
जंतर-मंतर पहुंचे 14 सदस्य, पुलिस से टकराव का आरोप
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर को सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे समेत कॉकरोच जनता पार्टी के 14 सदस्य जंतर-मंतर पहुंचे थे। पुलिस का दावा है कि जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित नहीं किए जाने के बाद भी ये सदस्य एक निजी परिसर के रास्ते वहां पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन कथित तौर पर उन्होंने पुलिस की कार्रवाई में बाधा उत्पन्न की। इसके बाद सभी 14 सदस्यों को हिरासत में ले लिया गया।
दो थानों में अलग-अलग दर्ज हुई एफआईआर
पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। पहली एफआईआर नंबर 289/26 कनॉट प्लेस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223(a), 332 और 61(2) के तहत दर्ज की गई। दूसरी एफआईआर नंबर 128/26 संसद मार्ग थाने में BNS की धारा 221, 115(2), 132, 121(1) और 3(5) के तहत दर्ज हुई। दोनों एफआईआर 13 अक्टूबर 2026 की हैं।
तीन नेताओं पर एहतियाती कार्रवाई, एक को मिली राहत
दिल्ली पुलिस के अनुसार, बार-बार कानून का उल्लंघन करने और सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका के आधार पर सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई। बुधवार को तीनों को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट (SEM) की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद अजिंक्य शिंदे को पांच हजार रुपये का बॉन्ड भरवाकर रिहा कर दिया गया। उसे छह महीने तक शांति बनाए रखने और अच्छा व्यवहार करने की शर्त दी गई है। वहीं, सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने दोनों को बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाला बताया है।
सौरव को 2 , तो रांका को जेल नंबर-4
गिरफ्तारी के बाद सौरव दास को तिहाड़ जेल नंबर-2 और आशुतोष रांका को जेल नंबर-4 में रखा गया है। दोनों की रिहाई के लिए अब पटियाला हाउस कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल करने की तैयारी है।
सोशल मीडिया से उकसाने का भी आरोप
दिल्ली पुलिस का आरोप है कि संबंधित सदस्य सोशल मीडिया के जरिए दूसरे लोगों को भी ऐसी गतिविधियों के लिए उकसाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने कहा है कि जंतर-मंतर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को रोकने के लिए कार्रवाई की गई। हालांकि, पुलिस की ओर से लगाए गए आरोपों पर अदालत का अंतिम फैसला आना बाकी है।
