
आरंग। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के मंदिर हसौद क्षेत्र में खनिज विभाग ने अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो चूना पत्थर खदानों को सील कर दिया है। साथ ही बिना वैध दस्तावेज खनिज ढो रहे 7 हाइवा वाहनों को जब्त किया गया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और खनन माफियाओं में खलबली देखी जा रही है।
खनिज विभाग की टीम ने औचक जांच के दौरान पाया कि संबंधित खदान संचालकों के पास आवश्यक अनुमति और दस्तावेज अधूरे थे। इसी आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों खदानों को सील कर दिया गया। वहीं जांच के दौरान अवैध परिवहन में लगे वाहनों को भी रोका गया, जिनमें रेत और गिट्टी से भरे ट्रक शामिल थे। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से शासन को भारी राजस्व नुकसान हो रहा था।
अधिकारियों ने साफ किया है कि अवैध खनन और परिवहन पर सख्ती से नकेल कसी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि भविष्य में खनन से जुड़ी सभी गतिविधियों को ऑनलाइन सिस्टम के जरिए पारदर्शी बनाया जाएगा, ताकि ऐसी अनियमितताओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।




