बिलासपुर : महज एक मोबाइल को लेकर हुआ विवाद इस कदर बढ़ गया कि सात युवक हैवानियत पर उतर आए। मोबाइल वापस नहीं मिलने की नाराजगी में आरोपियों ने 16 साल के एक छात्र को अगवा कर लिया। उसे कोनी के एक मकान में बंधक बनाकर रखा और रातभर उसके साथ मारपीट करते रहे। इधर, छात्र के घर नहीं लौटने से परिजन परेशान होकर उसकी तलाश में जुटे थे। अपहरण की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस हरकत में आई और देर रात अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर छात्र को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

शाम को घर से निकला, रातभर परिजन करते रहे तलाश

पुलिस के अनुसार कस्तूरबा नगर की सिंधी कॉलोनी में रहने वाला 11वीं कक्षा का 16 वर्षीय छात्र 17 नवंबर की शाम करीब 6:40 बजे घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन छात्र का कहीं पता नहीं चला। इसी बीच जानकारी मिली कि कोनी के बॉम्बे आवास निवासी शेख अजीमुद्दीन उर्फ अज्जू अपने साथियों के साथ छात्र को अपने साथ ले गया है। इसके बाद छात्र के भाई ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही पुलिस की रातभर चली घेराबंदी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू कर दी। एएसपी सिटी पंकज पटेल के अनुसार, छात्र के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गईं। संदेही शेख अजीमुद्दीन उर्फ अज्जू और उसके साथियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी सिंधी कॉलोनी के आसपास घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर अज्जू और उसके साथियों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में खुला राज, कोनी के मकान में मिला बंधक छात्र

पुलिस की पूछताछ में शेख अजीमुद्दीन ने अपने छह अन्य साथियों के साथ मिलकर छात्र को अगवा करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने कोनी स्थित एक मकान में छापेमारी की। वहां छात्र बंधक हालत में मिला। पुलिस ने उसे सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर परिजनों को राहत दी। बताया जा रहा है कि मोबाइल वापस नहीं मिलने को लेकर हुए विवाद से नाराज आरोपियों ने छात्र को अगवा किया था और रातभर उसके साथ मारपीट की।

सात आरोपी गिरफ्तार, अपहरण समेत कई धाराओं में केस

पुलिस ने इस मामले में शेख अजीमुद्दीन उर्फ अज्जू (22), शेख नजीमुद्दीन (23), निखिल कुशवाहा (22), अलताफ खान (22), शेख निशार (20), मोहम्मद सैफ (21) और अलताफ खान (19) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी तालापारा और कोनी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 138, 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई के लिए जेल भेज दिया है।