रायपुर। छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को एक बड़ी सफलता मिली है। तेलीबांधा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक से 191 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 19.10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में पश्चिम बंगाल के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस और ANTF की टीम ने अग्रसेन धाम के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी कर एक अशोक लीलैंड ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से 191 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ ट्रक को भी जब्त कर लिया।raipur-ganja.jpg

पश्चिम बंगाल के दो तस्कर गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक में सवार मोहम्मद लाल और मोहम्मद रूस्तम, दोनों निवासी पश्चिम बंगाल, को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है।

नशे के खिलाफ अभियान जारी
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस तरह के मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।