रायपुर। राजधानी रायपुर के एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्कूल के स्पोर्ट्स टीचर का शव उनके कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे स्कूल परिसर और शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।

विद्यार्थियों ने खिड़की से देखा शव

मृतक की पहचान ब्रह्मविद स्कूल के स्पोर्ट्स टीचर अमित पोद्दार के रूप में हुई है। अमित स्कूल परिसर में ही बने आवासीय भवन के एक कमरे में अकेले रहते थे।

घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह तब हुआ जब निर्धारित समय पर अमित स्कूल नहीं पहुंचे। काफी देर तक उनके क्लास में न आने पर कुछ विद्यार्थियों को उनकी चिंता हुई। इसके बाद वे शिक्षक को बुलाने के लिए उनके आवासीय कमरे तक पहुंचे। विद्यार्थियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया और आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

शक होने पर विद्यार्थियों ने जब खिड़की से अंदर झांककर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। स्पोर्ट्स टीचर अमित पोद्दार का शव फंदे पर लटक रहा था। बच्चों ने तुरंत इसकी सूचना स्कूल प्रबंधन और अन्य शिक्षकों को दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

सुसाइड नोट में हुआ प्रेम प्रसंग का खुलासा

सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और कमरे का मुआयना किया। पुलिस ने कमरे की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जो इस पूरी घटना की मुख्य वजह को बयां कर रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सुसाइड नोट में अमित पोद्दार ने अपनी प्रेमिका की शादी किसी अन्य जगह तय होने का जिक्र किया है। इसी बात से वह पिछले कुछ दिनों से भारी मानसिक तनाव और सदमे में थे, जिसके चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।

खेल आयोजन के दौरान हुई थी मुलाकात

पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि अमित पोद्दार की मुलाकात एक अन्य महिला स्पोर्ट्स टीचर से किसी खेल आयोजन के दौरान हुई थी। पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे नजदीकियों और फिर प्रेम प्रसंग में बदल गया।

अमित उस महिला से शादी करना चाहते थे, लेकिन महिला के परिजन इस रिश्ते के लिए राजी नहीं थे। इसी बीच, परिजनों ने महिला की शादी किसी और जगह तय कर दी। इस घटनाक्रम से अमित मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुके थे।

पुलिस खंगाल रही कॉल डिटेल्स

पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके से मिले सुसाइड नोट को मुख्य साक्ष्य के रूप में शामिल कर लिया गया है।

इसके साथ ही, मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) और महिला स्पोर्ट्स टीचर से उसके संपर्कों की भी तकनीकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद इस दुखद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा होने की उम्मीद है। स्कूल परिसर में हुई इस अचानक घटना से मृतक के परिजनों और सहपाठियों में गहरा शोक व्याप्त है।