रायपुर: Swami Vivekananda Airport में आज हुए दर्दनाक हादसे ने एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मचा दिया है। एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल में फॉल्स सीलिंग रिपेयरिंग का काम कर रहे संविदाकर्मी कुबेर चंद्र साहू की करीब 30 फीट ऊंचाई से गिरने के बाद मौत हो गई। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और ठेका एजेंसी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सिक्योरिटी होल्ड एरिया के फर्स्ट फ्लोर पर मरम्मत कार्य चल रहा था, जहां कुबेर चंद्र साहू इलेक्ट्रिशियन के तौर पर काम कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वे सीधे नीचे गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय उन्होंने सेफ्टी किट या सुरक्षा बेल्ट नहीं पहन रखी थी। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट स्टाफ ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया।image-2026-05-21t162924537_1779361428

एयरपोर्ट प्रबंधन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अत्यधिक गर्मी और अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण हादसा होने की आशंका है। मामले की सूचना पुलिस और संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है तथा जांच शुरू कर दी गई है। वहीं इस घटना के बाद एयरपोर्ट में कार्यरत संविदाकर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था, सेफ्टी प्रोटोकॉल और ठेका एजेंसियों की जिम्मेदारी को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।