
बिलासपुर : बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खड़ी एक शिक्षिका को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना चांटीडीह स्थित गायत्री मंदिर के पास की बताई जा रही है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घायल शिक्षिका को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया हैं, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, महिला शिक्षिका अपने स्कूल जाने के लिए सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान बोलेरो अनियंत्रित हो कर सीधे सड़क किनारे खड़ी महिला को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो ने आगे जाकर एक स्कूटी को भी अपनी चपेट में ले लिया और फिर पास के एक मकान में जा घुसी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का मच गई । स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची और घायल शिक्षिका को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ। बोलेरो की टक्कर से पहले एक स्कूटी भी प्रभावित हुई और फिर वाहन मकान में जा घुसा। पुलिस ने घटना स्थल से बोलेरो को जब्त कर लिया है और उसके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घायल महिला पेशे से शिक्षिका है और रोजाना की तरह ड्यूटी जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। हादसे के बाद चालक मौके से भाग निकला, जिससे उसकी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान जल्द की हो सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।