बिलासपुर : तोरवा थाना क्षेत्र में किराना दुकान का ताला तोड़कर नकदी और सिगरेट समेत करीब 10 हजार रुपए का सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके साथ तीन अपचारी बालकों की भी पहचान की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार हेमूनगर निवासी रवि शर्मा मसाला और डेली नीड्स की दुकान संचालित करता हैं। 8 सितंबर की रात अज्ञात चोर दुकान से गल्ले में रखे 300 रुपए, 67 पैकेट सिगरेट और मिच्चर के पैकेट समेत करीब 10 हजार रुपए का सामान चोरी कर ले गए थे। मामले में 10 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में तीन संदिग्ध नजर आए। हुलिया के आधार पर पुलिस ने उनकी पहचान शुरू की तो मुख्य आरोपी की पहचान कोटा निवासी राहूल करेलिया (20) के रूप में हुई। उसके साथ तीन अपचारी बालकों के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई।

पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो उनके कब्जे से चोरी किए गए 67 पैकेट सिगरेट, 300 रुपए नकद और मिच्चर के पैकेट बरामद किए गए। राहूल करेलिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया गया। वहीं तीनों अपचारी बालकों की सामाजिक पृष्ठभूमि तैयार कर उन्हें बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।