
कबीरधाम : जिले में बेखौफ बदमाशों ने एक कारोबारी को निशाना बनाकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। साप्ताहिक बाजार से मोटरसाइकिल पर लौट रहे सराफा व्यवसायी वेदप्रकाश सोनी का रास्ता रोककर अज्ञात बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषण समेत नकदी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार लूटे गए सामान में 25 से 30 किलोग्राम से अधिक चांदी, 15 ग्राम सोने के आभूषण और 1.50 लाख रुपये नकद शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश पर विशेष टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
बाजार से लौटते समय घात लगाकर किया हमला
घटना 27 अक्टूबर को तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में हुई। पाण्डातराई के वार्ड क्रमांक-8 निवासी व्यवसायी वेदप्रकाश सोनी अपने साथी नरेन्द्र पाटस्कर के साथ ग्राम दलदली के साप्ताहिक बाजार से मोटरसाइकिल पर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम दुर्जनपुर के पास अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने दोनों के साथ मारपीट की और कारोबारी के पास मौजूद बैग लूटकर मौके से फरार हो गए।
बैग में थे लाखों के जेवर, नकदी
पीड़ित व्यापारी वेदप्रकाश सोनी ने बताया कि लूटे गए थैले में करीब 25 से 30 किलो चांदी, 15 ग्राम सोने के आभूषण और डेढ़ लाख रुपये नकद रखे हुए थे। व्यापारी के मुताबिक, लूटे गए सामान की कुल कीमत लगभग 50 लाख रुपये है।
एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम एसपी जितेन्द्र कुमार यादव ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में साइबर थाना समेत तीन अन्य थानों की विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों, संदिग्धों और आरोपियों की पहचान के लिए जांच में जुटी है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
तरेगांव जंगल थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का प्रयास है कि वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए। फिलहाल लूटे गए आभूषणों और नकदी की बरामदगी के साथ आरोपियों तक पहुंचने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।