
बिलासपुर : तोरवा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक से मारपीट कर चाकूनुमा धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद तोरवा पुलिस ने आरोपी को घटना के अगले ही दिन गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पंप हाउस के पास रहने वाले दुर्गेश यादव ने 11 सितंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 10 सितंबर की रात करीब 8 बजे वह पुराने पंप हाउस के पास था। इसी दौरान कृष्णा सूर्यवंशी उर्फ कृष वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। दुर्गेश ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान कृष्णा ने अपने पास रखे छोटे चाकू जैसे धारदार हथियार से दुर्गेश पर वार कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तोरवा क्षेत्र के सूर्यवंशी मोहल्ला निवासी आरोपी कृष्णा सूर्यवंशी (18) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में उपयोग किया गया छोटा चाकू भी बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया।