बिलासपुर : रात के अंधेरे का फायदा उठाकर घरों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का कोनी पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। आरोपियों के कब्जे से तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं में चोरी हुए सोना-चांदी, दो मोटरसाइकिल, मोबाइल, नकदी और चोरी में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल बरामद हुआ है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख 81 हजार 488 रुपए बताई गई है।

अगस्त-सितंबर के बीच तीन घरों को बनाया निशाना

कोनी थाना क्षेत्र में 18 अगस्त, 10 सितंबर और 15 सितंबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने अलग-अलग घरों को निशाना बनाया था। चोरों ने ताले तोड़कर घर के भीतर प्रवेश किया और सोने-चांदी के गहनों के साथ नकदी व अन्य सामान पार कर दिया। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी कैमरों से हुआ चोरी का खुलासा

चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के साथ तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान पुलिस को एक विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में सुराग मिला। उसे पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई तो तीनों चोरी की घटनाओं की कड़ी सामने आ गई। पूछताछ में बालक ने राहुल यादव, भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव के साथ मिलकर वारदात करना बताया। इसके बाद पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने रात के समय अंधेरे का फायदा उठाकर घरों के ताले तोड़ने और अंदर से कीमती सामान चोरी करने की बात स्वीकार की।

सोना-चांदी से लेकर बाइक और नकदी तक बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीनों मामलों में चोरी गया 1 किलो 190 ग्राम चांदी और 12 ग्राम सोने के गहने बरामद किए हैं। इसके अलावा दो मोटरसाइकिल, ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन, 6 हजार 7 सौ रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल भी जब्त किया गया। पुलिस ने बरामद समान की कुल कीमत 4 लाख 81 हजार 4 सौ 88 रुपए बताई है।

तीनों आरोपी भेजे गए जेल

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद राहुल यादव (22), भीम शंकर वर्मा उर्फ करिया (20) और राकेश कुमार यादव उर्फ भोलू यादव (28) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर तीनों को जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को किशोर न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोनी जितेंद्र गुप्ता और पुलिस टीम ने की।