बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायपुर के एक अपार्टमेंट से हुआ गिरफ्तार, हाल ही में नगर निगम ने सील किया था आरोपी का होटल

रायपुर। बिलासपुर। राष्ट्रीय जगत विजन ग्रुप के प्रबंध संपादक मनी शंकर पांडे के खिलाफ अनर्गल, तथ्यहीन और भ्रामक समाचार प्रसारित करने वाले कथित होटल व्यवसायी और हिस्ट्रीशीटर दीपक अंबेडकर टंडन को पुलिस ने रायपुर गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से उगाही, फर्जीवाड़े और ब्लैकमेलिंग के मामलों में लिप्त रहा है। टंडन को बिलासपुर पुलिस ने गुरुवार रात रायपुर के एक पॉश अपार्टमेंट में दबिश देकर धर दबोचा। सूत्रों के अनुसार गिरफ्तारी के वक्त आरोपी ने अपने रसूख और अप्रोच दिखाने के लिए पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की, मगर पुलिस के सामने उसकी एक भी नहीं चली और उसकी पूरी होशियारी धरी की धरी रह गई। अब पुलिस उसके अन्य साथियों भ्रामक प्रचार और उगाही सिंडिकेट में शामिल थे लोगो के बारे में पतासाजी करेगी 

राष्ट्रीय जगत पहल और राष्ट्रीय जगत विजन के एमडी मनी शंकर पांडे के विरुद्ध आरोपी दीपक टंडन ने दुर्भावनापूर्ण तरीके से तथ्यविहीन न्यूज एक न्यूज पोर्टल the honey badger के माध्यम से प्रसारित की थी। सूत्र बताते है कि हिस्ट्रीशीटर दीपक संस्था और MD की छवि धूमिल करना और दबाव बनाना चाहता था। पूरे मामले की शिकायत मनी शंकर पांडे ने बिलासपुर पुलिस से की थी।शिकायत की गंभीरता से लेते हुए पुलिस तत्काल हरकत में आई और उसकी लोकेशन ट्रेस कर रायपुर से उसे धर दबोचा।

 लाखों का प्रॉपर्टी टैक्स डकारा, सील हुआ था होटल वेलकम श्री...

दीपक टंडन के काले कारनामों की फेहरिस्त केवल ब्लैकमेलिंग तक सीमित नहीं है। राजधानी रायपुर में यह कथित कारोबारी लंबे समय से नगर निगम के रडार पर था। टंडन के 'होटल वेलकम श्री' पर प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में लाखों रुपये का बकाया था। निगम ने बार-बार नोटिस भेजने के बाद भी अपने पुराने अंदाज आदतन डिफॉल्टर की तरह उसने हर नोटिस को रद्दी की टोकरी में डाल दिया । जिसके बाद निगम ने डंडा चलाते हुए दीपक टंडन की होटल को सील कर दिया था। 

महिला डीएसपी को भी नहीं बख्शा, फर्जी चैट की थी वायरल

हिस्ट्रीशीटर की दबंगई का आलम यह था कि इसने पुलिस विभाग को भी नहीं छोड़ा। जब डीएसपी कल्पना वर्मा अपने बकाये पैसे मांगने इसके विवादित होटल में गई थीं, तो टंडन ने उन पर दर्ज केस वापस लेने का दबाव बनाया। जब डीएसपी नहीं झुकीं, तो छवि खराब करने की नीयत से सोशल मीडिया पर उनके नाम से फर्जी चैट और तस्वीरें वायरल कर दीं। इस मामले में भी उसके खिलाफ जांच जारी है।

हिस्ट्रीशीटर की क्राइम कुंडली

दीपक टंडन के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग थानों में धोखाधड़ी, ठगी और फर्जीवाड़े के दर्जनों मामले दर्ज हैं। कोयला टेंडर से लेकर नौकरी दिलाने तक के नाम पर इसने करोड़ों की ठगी को अंजाम दिया । 

 

 जमीन के नाम पर 62 लाख की ठगी (2023): पिंटू मंडल ने थाना तेलीबांधा में शिकायत दर्ज कराई कि टंडन ने जमीन खरीदी के नाम पर 62 लाख रुपये ठग लिए।

  •  कोयले के नाम पर करोड़ों का फर्जीवाड़ा: 2020: महेन्द्र सिंह से कोल खरीदने के नाम पर 28 लाख की ठगी (थाना दीपका, कोरबा अपराध क्र 160/2020)।
  •     2022: सक्ती जिले के किशन शर्मा को कोयले का बड़ा टेंडर दिलाने का झांसा देकर 15 लाख की ठगी। गारंटी में दिए चेक भी बाउंस हुए।
  •    2022: श्याम सिंह ठाकुर से कोयले का काम दिलाने के नाम पर 31 लाख और विकास नागले से 25 लाख की धोखाधड़ी।
  •    *2016: मुकेश अग्रवाल को अडानी से कोयला का काम दिलाने का झांसा देकर 15 लाख ऐंठे।

नकली हीरे और नौकरी का दिया झांसा....

   2018: सिविल लाइन रायपुर में जीतेन्द्र देवांगन की शिकायत (अपराध क्र 276/2018) - व्यापमं में राजस्व निरीक्षक की नौकरी लगाने के नाम पर 3.5 लाख की ठगी।

2016: जांजगीर-चांपा में संतोष गुप्ता के पास नकली हीरे गिरवी रखकर 7.50 लाख की धोखाधड़ी।

 पत्नी भी जांच के घेरे में, 42 लाख का चेक बाउंस केस

दीपक टंडन के फर्जीवाड़े में उसके परिजन भी शामिल बताए जा रहे हैं। हाल ही में (वर्ष 2025 की दर्ज शिकायत के अनुसार) आवेदक हेमंत कुमार वर्मा द्वारा दीपक की पत्नी बरखा टंडन के विरुद्ध रायपुर के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के समक्ष 42 लाख रुपये के चेक बाउंस का परिवाद दायर किया गया है। (केस नंबर - 13409/25, 13405/25, 13244/25)।

 कोर्ट में पेंडिंग मामलों की लंबी फेहरिस्त.....

टंडन के खिलाफ न्यायालयों में मुकदमों की लंबी फेहरिस्त है। वर्ष 2018 में रायपुर के प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश (732/2018) ने इसकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके अलावा हाल ही में कटघोरा के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी ने प्रकरण क्र 48/24 में इसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया है।

रायपुर CJM और सेशन कोर्ट में दर्ज क्रिमिनल केस:

 CJM कोर्ट रायपुर: क्रिमिनल केस क्र. 463/2015, 9885/2015, 24104/2015, 23836/2016, 13159/2016, 10099/2016 और 13021/2021।

सेशन कोर्ट रायपुर: क्रिमिनल केस क्र. 2203/2016, 6/2021 और 250/2022 धोखाधड़ी के मामलों में लगातार जारी हैं।

निर्वस्त्र कर सरेआम हुई थी पिटाई, वीडियो हुआ था वायरल

इस कथित होटल कारोबारी का विवादों से चोली-दामन का साथ रहा है। ठगी के शिकार लोगों का गुस्सा कई बार फूट चुका है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ लोग टंडन को बीच सड़क पर लात-घूंसों और बेल्ट से बेरहमी से पीटते और उसके कपड़े उतारते नजर आ रहे थे।

पुलिस अब दीपक टंडन के बैंक खातों, उसके द्वारा संचालित सिंडिकेट और हाल ही में प्रकाशित भ्रामक खबरों की फंडिंग के स्रोतों की भी जांच कर रही है। शुक्रवार को दीपक टंडन को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए 1 दिन की रिमांड पर लिया है।  पूछताछ में अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आने की संभावना है जो पूरे घटनाक्रम में शामिल थे।