
बिलासपुर : कोनी थाना क्षेत्र के बाम्बे आवास में बेटे को परेशान करने के आरोप ने दो परिवारों के बीच विवाद खड़ा कर दिया। देखते ही देखते गाली-गलौज और धमकी का मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। मारपीट को लेकर दोनों पक्षों ने अलग-अलग कहानी बताई है। एक पक्ष ने बेटे को परेशान करने पर विरोध जताने के दौरान हमला किए जाने का आरोप लगाया है, तो दूसरे पक्ष ने शराब पीने के लिए रुपये मांगने और इनकार करने पर मारपीट किए जाने की शिकायत की है।
काम पर निकलते समय हुआ विवाद, डंडे से हमले का आरोप
बाम्बे आवास निवासी अमित छाबड़ा (43) ने पुलिस को बताया कि 10 नवंबर की सुबह करीब 10:30 बजे वह काम पर जाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान उसी ब्लॉक में रहने वाला लेखराम कश्यप वहां पहुंचा। उसने अपने बेटे प्रकाश को परेशान करने का आरोप लगाते हुए अमित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। अमित के विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि लेखराम ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ, थप्पड़ और डंडे से हमला कर दिया। मारपीट में अमित के दाहिने पैर, पीठ और कमर में चोटें आईं। घटना के गवाह के रूप में पुष्कर छाबड़ा और ओम जायसवाल का नाम शिकायत में बताया गया है।
दो हजार रुपये मांगने और शराब पिलाने का दबाव बनाने की शिकायत
वहीं, प्रकाश कश्यप (28) ने पुलिस को दी शिकायत में घटना की अलग कहानी बताई है। उसके अनुसार 9 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे वह घर के पास बैठा था। इसी दौरान अमित छाबड़ा, पुष्कर छाबड़ा और राकेश यादव वहां पहुंचे। प्रकाश का आरोप है कि तीनों ने उससे शराब पीने के लिए दो हजार रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस हमले में उसके कान और कंधे में चोट आई।
दोनों पक्ष आमने-सामने, पुलिस ने शुरू की जांच
फिलहाल, दोनों पक्षों ने कोनी थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि विवाद की असली वजह क्या थी और मारपीट की घटना में किसकी क्या भूमिका थी।