
बिलासपुर : जिस पिता ने बेटे को जन्म देकर उसे पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी बेटे ने कथित तौर पर ऐसी बेरहमी दिखाई कि इंसानियत भी शर्मसार हो गई। संपत्ति और पारिवारिक विवाद में गुस्से से बेकाबू हुए बेटे ने 76 वर्षीय पिता पर लोहे के हथियार से हमला किया और फिर पेट्रोल डाल कर उन्हें जिंदा आग के हवाले कर दिया। बुजुर्ग आग की लपटों में घिरकर चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन आरोपी बेटा उन्हें बचाने के बजाय मौके से फरार हो गया। पिता को जलता देख बेटी की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े और किसी तरह आग बुझाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। बुजुर्ग की हालत गंभीर है और सिम्स में उनका उपचार जारी है।
बेटी को साथ रखना बेटे को नहीं था मंजूर
दिल दहला देने वाली यह घटना सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर की है। यहां रहने वाले विश्राम केंवट (76) उम्र के इस पड़ाव पर खेती-किसानी और रोजमर्रा के काम करने में असमर्थ हो चुके हैं। ऐसे में उन्होंने अपनी बेटी दुरपति बाई और उसके परिवार को अपने साथ रखा था। बेटी का परिवार उनकी देखभाल करने के साथ खेती-बाड़ी की जिम्मेदारी भी संभाल रहा था। वहीं, उनका बेटा आशाराम केंवट पास के गांव बरेली में रहता है। शुरुआती जानकारी के अनुसार पिता का बेटी को अपने साथ रखना और संपत्ति के बंटवारे को लेकर आशाराम नाराज चल रहा था।
विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम
बताया जा रहा है कि बुधवार को आशाराम अपने गांव सेलर पहुंचा। यहां पिता से बेटी को मायके में रखने और संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने आपा खो दिया। उसने लोहे के हथियार से बुजुर्ग पिता पर हमला कर दिया। इसके बाद अपने साथ लाए पेट्रोल को पिता के शरीर पर डाल कर आग लगा दी। कुछ ही पलों में विश्राम आग की लपटों से घिर गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।
पिता को जलता देख बेटी ने मचाया शोर
आंखों के सामने पिता को आग में घिरा देखकर बेटी दुरपति बाई बदहवास हो गई। उसने चीख-पुकार मचाकर आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से झुलसे विश्राम को अस्पताल पहुंचाया गया। आग से उनके शरीर का काफी हिस्सा झुलस गया है। फिलहाल सिम्स में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वारदात के बाद से आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश
घटना की शुरुआती वजह पारिवारिक विवाद और संपत्ति का बंटवारा बताई जा रही है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह, हमले की पूरी परिस्थितियों और घटना में इस्तेमाल हथियार व पेट्रोल को लेकर पुलिस जांच कर रही है। वारदात के बाद से आरोपी आशाराम फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।