
हाजीपुर। बिहार के वैशाली जिले में आज सुबह निर्माणाधीन फोरलेन पुल पर बड़ा हादसा हो गया। लालगंज प्रखंड के जलालपुर गांव में पुल निर्माण के दौरान लोहे का स्ट्रक्चर अचानक ढह गया, जिसकी चपेट में आकर कई मजदूर घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब 5 से 7 मजदूरों के घायल होने की बात सामने आई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि एक मजदूर लोहे के स्ट्रक्चर के बीच फंस गया था। स्थानीय लोग उसे बाहर निकालने के प्रयास में जुटे रहे। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए, जिससे मौके पर भीड़ और तनाव की स्थिति बन गई।
कई घंटे बाद भी रेस्क्यू को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू होने में देरी हुई। ग्रामीणों के मुताबिक मलबे में फंसे मजदूर को निकालने के लिए पर्याप्त संसाधन मौके पर उपलब्ध नहीं थे। बाद में गैस कटर की मदद से लोहे का स्ट्रक्चर काटकर रास्ता बनाने का प्रयास किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फंसे मजदूर को आसपास मौजूद लोग पानी पिलाकर संभालने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि उसकी वास्तविक स्थिति की आधिकारिक जानकारी तत्काल सामने नहीं आई थी।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मजदूरों को पर्याप्त सेफ्टी बेल्ट और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। स्थानीय लोगों ने निर्माण कंपनी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। प्रत्यक्षदर्शी शिवेश्वर साहू ने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। उनका कहना था कि इतने बड़े निर्माण कार्य में एंबुलेंस और जरूरी सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था होनी चाहिए थी। हालांकि निर्माण कंपनी की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सुबह करीब 9:30 बजे हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। अचानक निर्माणाधीन स्ट्रक्चर गिरने से मजदूरों के बीच चीख-पुकार मच गई। कुछ मजदूरों को तत्काल बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। लालगंज सदर-2 एसडीपीओ गोपाल मंडल, कई थानों की पुलिस टीम, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुजीत कुमार, स्थानीय जनप्रतिनिधि और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
मुजफ्फरपुर का रहने वाला बताया जा रहा घायल मजदूर
शुरुआती जानकारी के अनुसार घायलों में एक मजदूर के मुजफ्फरपुर जिले का निवासी होने की बात सामने आई है। बाकी मजदूरों की पहचान और उनकी स्थिति को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
38.8 किलोमीटर लंबे फोरलेन प्रोजेक्ट का हिस्सा
यह निर्माण कार्य सारण जिले के बाकरपुर से शुरू होकर वैशाली के लालगंज क्षेत्र से गुजरते हुए मुजफ्फरपुर जिले के मानिकपुर (SH-74) तक प्रस्तावित करीब 38.8 किलोमीटर लंबे फोरलेन प्रोजेक्ट का हिस्सा बताया जा रहा है। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह लालगंज प्रखंड के जलालपुर गांव के पास गंडक नदी पर बनाए जा रहे ओवरब्रिज के निर्माण क्षेत्र में है। स्थानीय जानकारी के अनुसार हादसा गंडक नदी से करीब आधा किलोमीटर पहले निर्माण कार्य के दौरान हुआ।
अब जांच से सामने आएगी हादसे की वजह
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल निर्माणाधीन स्ट्रक्चर के अचानक गिरने को लेकर है। क्या निर्माण के दौरान तकनीकी खामी हुई, स्ट्रक्चर पर अतिरिक्त दबाव पड़ा या सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, इन सभी पहलुओं की जांच जरूरी है। फिलहाल, प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और बचाव कार्य जारी है। हादसे की पूरी तस्वीर जांच और अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।