लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (BSP) में आज बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। पार्टी सुप्रीमो मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से पूरी तरह बाहर कर दिया है। कुछ दिन पहले ही उन्हें नेशनल कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी से हटाया गया था। अब पार्टी से भी मुक्त किए जाने के ऐलान के बाद आकाश आनंद की BSP में राजनीतिक भूमिका खत्म हो गई है।

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सिलसिलेवार पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने आकाश आनंद पर पार्टी और आंदोलन के हितों की तुलना में पारिवारिक और व्यक्तिगत रिश्तों को ज्यादा महत्व देने का आरोप लगाया। मायावती के मुताबिक, ऐसी स्थिति में किसी व्यक्ति का पार्टी और मिशन के प्रति पूरी तरह समर्पित रहना सवालों के घेरे में आता है।

‘पार्टी हित से ऊपर रिश्ते’ को लेकर मायावती नाराज
मायावती ने अपने बयान में कहा कि आकाश आनंद को पार्टी के हित और अपने राजनीतिक भविष्य की तुलना में निजी रिश्तों और मोह-माया की अधिक चिंता है। उन्होंने यह भी नाराजगी जताई कि पार्टी प्रमुख के सोशल मीडिया पोस्ट को भी आकाश ने रीपोस्ट नहीं किया। BSP सुप्रीमो ने अपने पोस्ट में आकाश आनंद और अशोक सिद्धार्थ को पार्टी की ओर से मिले राजनीतिक अवसरों का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि पार्टी ने दोनों को आगे बढ़ाया, लेकिन इसके बावजूद वे पार्टी की अपेक्षाओं के अनुरूप काम नहीं कर सके।