भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में पुलिस ने शराब के अवैध कारोबार से जुड़े एक बड़े मामले का खुलासा किया है। बसंत नगर, नारायणपुर स्थित एक किराए के मकान में दबिश के दौरान पुलिस को अंग्रेजी शराब से संबंधित सामग्री का भारी जखीरा मिला। कमरे से 4409 खाली शराब की बोतल-पौवा, 3380 ढक्कन और 105 पत्ता स्टीकर व होलोग्राम बरामद किए गए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में शराब की खाली पैकिंग सामग्री मिलने के बाद पुलिस को आशंका है कि इसका इस्तेमाल शराब में मिलावट या अवैध तरीके से शराब तैयार करने में किया जा सकता था।

लावारिस कमरे में मिला शराब की पैकिंग का सामान
पुलिस के मुताबिक, शराब के परिवहन से जुड़े आरोपियों से मिले इनपुट के आधार पर टीम ने बसंत नगर में उत्तम देवनाथ के किराए के मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक कमरे में शराब से संबंधित सामग्री बिना किसी दावेदार के पड़ी मिली। मौके से जम्मू स्पेशल व्हिस्की के 30 भरे पौवा भी बरामद किए गए, जिनमें कुल 5.4 लीटर शराब थी। इसकी अनुमानित कीमत करीब 3,600 रुपये बताई गई है।

पुलिस को अलग-अलग ब्रांड की शराब के स्टीकर, होलोग्राम और क्यूआर कोड वाली सामग्री भी मिली। बरामद सामग्री में रॉयल स्टेज के 50 पत्ता, रॉयल चैलेंज के 38 पत्ता और मैकडॉवल नंबर-1 के 10 पत्ता सहित कुल 105 पत्ता स्टीकर व होलोग्राम शामिल हैं। पुलिस ने इनकी अनुमानित कीमत करीब 59,645 रुपये बताई है।

हजारों खाली बोतल और ढक्कनों ने बढ़ाया शक
तलाशी के दौरान बरामद खाली पैकिंग सामग्री ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया। पुलिस के अनुसार, इनमें मैकडॉवल नंबर-1 के 2078 खाली पौवा और 411 बोतल, अन्द्धी के 107, सिग्नेचर की 61 बोतल, आरएस के 367 पौवा, 121 बोतल और 95 अन्द्धी, आरसी के 964 पौवा और 87 बोतल तथा आईबी के 103 पौवा और 15 बोतल शामिल हैं। इन सभी को मिलाकर कुल 4409 खाली बोतल-पौवा बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 22,045 रुपये बताई गई है। इसके अलावा कार्टून में रखे 170 पेटी खाली पौवा भी मिले हैं। पुलिस ने अलग-अलग ब्रांड के कुल 3380 ढक्कन भी जब्त किए हैं।Bhanupratappur

किसके इशारे पर जुटाया गया था सामान?
पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब की खाली बोतलें, पौवा, ढक्कन, स्टीकर और होलोग्राम आखिर किस उद्देश्य से एकत्र किए गए थे। पुलिस ने सामग्री को लावारिस हालत में बरामद किया है और इसके वास्तविक मालिक की पहचान की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद पैकिंग सामग्री का संबंध किसी संगठित अवैध शराब नेटवर्क से है या नहीं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इस सामान का इस्तेमाल वास्तव में शराब में मिलावट अथवा किसी अन्य अवैध गतिविधि के लिए किया जाना था।

गवाहों की मौजूदगी में जब्ती
पुलिस ने बरामद सभी सामग्री को गवाहों की मौजूदगी में धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्ती पत्रक के माध्यम से जब्त किया है। मामले में आगे की जांच के साथ सामग्री के स्रोत, मालिक और संभावित नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में एसडीओपी भानुप्रतापपुर शेर बहादुर सिंह ठाकुर, निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज, सउनि कैलाश पांडे, पीएसआई फलित राम, प्रधान आरक्षक रूपेश नरेटी, प्रधान आरक्षक विजय कटकवार तथा आरक्षक गौतम हुपेंडी, हेमंत मरकाम और फत्तू उसेंडी शामिल रहे।