
खैरागढ़। शहर में चाकू और दूसरे धारदार हथियारों के जरिए होने वाली आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए खैरागढ़ पुलिस ने निगरानी और जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने, उनका प्रदर्शन करने या लोगों में डर पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का अभियान सिर्फ हथियार लेकर घूमने वाले युवाओं या अपराधियों तक सीमित नहीं है। अब हथियारों की बिक्री, मरम्मत और धार तेज करने से जुड़े कारोबार पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सके।
नाबालिगों को हथियार बेचने पर खास निगरानी
पुलिस ने हार्डवेयर और बर्तन दुकानों के संचालकों को निर्देश दिए हैं कि चाकू-छुरी जैसी वस्तुएं बेचते समय ग्राहक की गतिविधि पर ध्यान रखें। खास तौर पर नाबालिगों या संदिग्ध व्यवहार वाले लोगों को हथियारनुमा सामान बेचते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। यदि किसी ग्राहक के व्यवहार या खरीदारी को लेकर संदेह हो तो दुकानदारों को पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई है। पुलिस का मानना है कि हथियार अपराध में इस्तेमाल होने से पहले ही उसकी खरीद या सप्लाई की संदिग्ध कड़ी पकड़ना जरूरी है।
धार लगाने वाले कारीगर और फैब्रिकेशन दुकानें भी रडार पर
पुलिस ने चाकू-छुरी में धार लगाने वाले कारीगरों और वेल्डिंग-फैब्रिकेशन से जुड़े कारोबारियों को भी अभियान में शामिल किया है। किसी व्यक्ति द्वारा संदिग्ध तरीके से हथियार तैयार कराने, उसमें बदलाव कराने या धार लगवाने की कोशिश की जाती है तो इसकी जानकारी पुलिस तक पहुंचाने को कहा गया है। खास तौर पर नाबालिगों के लिए हथियार तैयार कराने या उपलब्ध कराने वालों की भूमिका सामने आने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
ऑनलाइन ऑर्डर पर भी नजर
बदलते समय के साथ धारदार वस्तुओं की खरीदारी का तरीका भी बदला है। इसे देखते हुए पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े गोदाम संचालकों और कर्मचारियों को भी सतर्क किया है। पुलिस ने संदिग्ध या असामान्य तरीके से चाकू-छुरी जैसी वस्तुओं की बार-बार मांग होने पर संबंधित रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर पुलिस को जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है। उद्देश्य यह है कि संदिग्ध सामान किसी आपराधिक गतिविधि में इस्तेमाल होने से पहले ही उसकी जानकारी मिल सके।
पुलिस की अपील- संदिग्ध गतिविधि दिखे तो दें सूचना
खैरागढ़ पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से सहयोग की अपील की है। पुलिस के मुताबिक किसी व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर हथियार के साथ संदिग्ध स्थिति में देखने, हथियारों की संदिग्ध खरीद-बिक्री या उन्हें तैयार कराने जैसी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जानी चाहिए।
पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अवैध तरीके से हथियार रखना, सार्वजनिक जगह पर उसका प्रदर्शन करना या उसके जरिए भय का माहौल बनाने की कोशिश को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय हथियारों की पहुंच और संभावित दुरुपयोग को पहले ही रोकना है।