गरियाबंद। जिले के मैनपुर ब्लॉक के एक प्राथमिक स्कूल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वीडियो में कमारपारा प्राथमिक स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक सतीश कुमार के कक्षा के भीतर कथित तौर पर शराब पीने का मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होते ही विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।notice-2.jpg

कक्षा में शराब की बोतल, वीडियो वायरल होते ही मचा बवाल
मामला मैनपुर क्षेत्र के भाटापानी के आश्रित ग्राम कमारपारा स्थित प्राथमिक स्कूल का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में शिक्षक स्कूल की कक्षा में दिखाई दे रहे हैं और पास में शराब की बोतल भी नजर आ रही है। वीडियो के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने संज्ञान लेते हुए सहायक शिक्षक सतीश कुमार को शो कॉज नोटिस जारी किया है। विभाग अब शिक्षक से पूरे मामले को लेकर स्पष्टीकरण मांग रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की परिस्थितियों और उसमें दिखाई दे रही गतिविधियों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।WhatsApp-Image-2026-09-04-at-11.13.55-AM-791x1024.jpeg

दो महीने पहले भी सामने आया था ऐसा मामला
मैनपुर ब्लॉक में स्कूल परिसर से जुड़ा यह पहला विवाद नहीं है। करीब दो महीने पहले भी इसी क्षेत्र में स्कूल के कमरे के भीतर शराबखोरी का वीडियो सामने आया था। उस मामले में संबंधित शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने स्कूलों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर अंदरूनी इलाकों में संचालित स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति, अनुशासन और विभागीय मॉनिटरिंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब ताजा मामले में विभागीय जांच और शिक्षक के जवाब के बाद आगे की कार्रवाई तय होने की संभावना है।