खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में तेज रफ्तार का ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने राहगीरों के रोंगटे खड़े कर दिए। खैरागढ़-छुईखदान मुख्य मार्ग पर रविवार रात एक तेज रफ्तार थार SUV ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद भी चालक नहीं रुका, बल्कि बाइक को करीब चार किलोमीटर तक सड़क पर घसीटता ले गया। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग बाल-बाल बच गए।

ससुराल से लौट रहा था युवक, रास्ते में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान मिथलेश कुमार, निवासी ग्राम कटोरी खोलवा (जिला कबीरधाम) के रूप में हुई है। वह अपने ससुराल ग्राम भुलाटोला से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार थार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक थार के नीचे फंस गई, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी।image-2026-07-27T122706.183-1024x568.jpg

4 किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही बाइक, मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद थार चालक बाइक को लगभग चार किलोमीटर तक घसीटता रहा। सड़क पर चिंगारियां निकलती रहीं और पीछे चल रहे वाहन चालक व राहगीर दहशत में आ गए। इस दौरान कई अन्य लोग भी दुर्घटना की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।

युवक गंभीर घायल, अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में गंभीर रूप से घायल मिथलेश कुमार को तत्काल छुईखदान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।image-2026-07-27T122812.472-1024x578.jpg

भिलाई के चार युवक हिरासत में
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, थार में भिलाई के चार युवक सवार थे। वे छुईखदान क्षेत्र स्थित छिंदारी बांध घूमने आए थे और वापस लौटते समय यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और थार में सवार चारों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

रफ्तार पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते वाहन नहीं रोका जाता, तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था।