नई दिल्ली। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का संसद मार्च आज राष्ट्रीय राजधानी में चर्चा का विषय बना रहा। जंतर-मंतर से शुरू हुआ प्रदर्शन धीरे-धीरे संसद मार्ग की ओर बढ़ा, जहां प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच कई स्थानों पर आमना-सामना देखने को मिला। संसद परिसर के आसपास सुरक्षा पहले से ही कड़ी कर दी गई थी और हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तथा केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई।

इसी बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। हालांकि दोनों नेताओं की मुलाकात में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। राजनीतिक गलियारों में इसे CJP के संसद मार्च और उससे बने हालात के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।

दो दिन की भूख हड़ताल खत्म, अब संसद मार्च
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दो दिन की भूख हड़ताल समाप्त करने के बाद आज संसद मार्च का आह्वान किया। पार्टी का कहना है कि उनका आंदोलन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर जारी रहेगा। सुबह से ही बड़ी संख्या में समर्थक जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में जुटने लगे थे। इसके बाद प्रदर्शनकारी संसद की ओर कूच करने लगे, जिससे पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।

संसद मार्ग पर बढ़ी सुरक्षा, प्रदर्शनकारियों को रोका गया
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों के संसद की ओर बढ़ने के प्रयास के बीच सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी। मौके पर तैनात पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने संसद परिसर के आसपास सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया। एहतियात के तौर पर संसद के प्रवेश मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई और सीआईएसएफ ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत गेट नंबर-1 को बंद कर दिया।

जेपी नड्डा से मुलाकात का दावा
इस बीच CJP के प्रवक्ता सौरभ दास ने दावा किया कि उन्हें केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की ओर से बातचीत के लिए बुलाया गया है। उनके अनुसार, पार्टी के प्रतिनिधि आशुतोष रांका और सौरभ दास वार्ता के लिए रवाना हुए। हालांकि इस मुलाकात को लेकर सरकार की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई।

समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील
मार्च के दौरान CJP नेतृत्व ने अपने समर्थकों से संयम बरतने की अपील भी की। पार्टी ने कहा कि यदि कहीं पुलिस द्वारा रोका जाए, तब भी किसी प्रकार की हिंसा या टकराव से बचें और आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखें।

दिल्ली-नोएडा सीमा पर ट्रैफिक प्रभावित
संसद मार्च को देखते हुए दिल्ली-नोएडा सीमा और डीएनडी फ्लाईवे पर सुरक्षा जांच कड़ी कर दी गई। वाहनों की गहन जांच और बैरिकेडिंग के कारण दिल्ली आने वाले मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। सुबह से ही हजारों वाहन धीमी रफ्तार से चलते रहे, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों और दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल, राजधानी में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। संसद परिसर और उससे जुड़े संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है तथा प्रदर्शन की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।